सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर देवी अहिल्याबाई सभागार में आयोजित युवा संगम मेले में फुटबॉल फॉर स्कूल्स (F4S) कार्यक्रम के तहत विद्यालयों को फुटबॉल वितरित की गईं। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान सहित उपस्थित अतिथियों ने विद्यालयों को फुटबॉल प्रदान की। जिले में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन की ‘शक्ति’ पहल के तहत बच्चियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा निखारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस वर्ष 41 विद्यालयों को 203 फुटबॉल प्रदान की जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने, शारीरिक फिटनेस बढ़ाने और टीम भावना विकसित करने के अवसर मिलेंगे।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने फिट इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर से ही बच्चों को खेलों के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन की ‘शक्ति’ पहल के तहत बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालयों में बच्चियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा कर सकें।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट के प्राचार्य हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा फीफा के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में फुटबॉल को बढ़ावा देना और बच्चों में शारीरिक फिटनेस, टीम वर्क तथा जीवन कौशल विकसित करना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिले के 126 विद्यालयों को 800 फुटबॉल प्रदान की गई थीं। इस वर्ष 41 विद्यालयों को 203 फुटबॉल प्रदान की जा रही हैं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सीधी धर्मेंद्र सिंह परिहार, विधायक प्रतिनिधि विश्वबंधु धर द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, देवेंद्र त्रिपाठी, जन अभियान परिषद के शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र द्विवेदी, संबंधित जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे

