युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन 19 से 31 अक्टूबर 2026 के मध्य किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा 27 अक्टूबर, 2026 तक कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, राजगढ़ में अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 1995 से स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा उनकी प्रतिभा एवं सुझावों को मंच प्रदान करना है। इसी क्रम में विभाग द्वारा जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि इस वर्ष “ युवा शक्ति से जन भागीदारी ” की थीम पर राष्ट्रीय युवा उत्सव 2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी, 2026 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित बताया गया है। उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक विधाओं में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगायन, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं “ नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत ” विषय पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। जिला स्तर पर विजेता युवा एवं दल का पंजीयन ‘माय भारत पोर्टल’ पर कराना अनिवार्य होगा। भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, गत वर्ष युवा उत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभागिता कर चुके युवा इस वर्ष प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेंगे।