सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत शहपुरा में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण हेतु परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के समन्वय से हितग्राहियों का पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पात्रता के आधार पर विभिन्न योजनाओं के लिए चयन की कार्यवाही की गई। शिविर में कुल 285 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 218 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं के लिए चयनित अथवा चिन्हित किया गया।

शिविर में कृत्रिम अंग हेतु 10, सहायक उपकरण हेतु 46, एडिप एवं व्योश्री योजना के अंतर्गत 19, यूडीआईडी कार्ड हेतु 67, मेडिकल प्रमाण पत्र हेतु 62 तथा पेंशन के लिए 14 हितग्राहियों का चयन किया गया। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने तथा यूडीआईडी कार्ड, मेडिकल प्रमाण पत्र एवं पेंशन जैसी सुविधाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। इस पहल का उद्देश्य हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना, दैनिक जीवन को सुगम बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना है।

शिविर में विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक श्री श्याम सिंगौर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गणेश पाण्डेय, विकासखंड पंचायत अधिकारी श्री छत्तर सिंह मार्को सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, डॉ. अजय राज, डॉ. प्रकाश ठाकुर एवं डॉ. मिनी मोर्वे तथा एलिम्को की ओर से श्री नवनीत तिवारी, श्री प्रणव शुक्ला एवं श्री मुकेश लोधी ने सहभागिता की। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार बैगा एवं श्री सरमन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पंजीयन, परीक्षण एवं हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल है।