स्थानीय जिला खेल परिसर में स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय मलखंभ एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले जारी हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। वॉलीबॉल के मुकाबलों में कई मैचों का फैसला अंतिम सेट तक हुआ, वहीं मलखंभ स्पर्धा में खिलाड़ियों ने कठिन एवं आकर्षक कलाबाजियों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री मुकेश टंडन ने जिला खेल परिसर पहुंचकर खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों, सुविधाओं और प्रतियोगिता के अनुभवों की जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों के लिए की गई भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और आयोजन की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी से खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ा। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबले बालिका वर्ग के मुकाबलों में जनजातीय कार्य विभाग ने शहडोल को 2-0 से पराजित किया। नर्मदापुरम ने ग्वालियर को 2-0, रीवा ने उज्जैन को 2-0, इंदौर ने सागर को 2-0 तथा जबलपुर ने जनजातीय कार्य विभाग को 2-0 से हराया। देर रात खेले गए मुकाबले में नर्मदापुरम ने भोपाल को 2-0 से शिकस्त दी। गुरुवार सुबह हुए मुकाबलों में ग्वालियर ने इंदौर को 2-1, उज्जैन ने जनजातीय कार्य विभाग को 2-1, भोपाल ने सागर को 2-0 तथा रीवा ने शहडोल को 2-0 से पराजित किया। बालक वर्ग में भी अंतिम सेट तक चला संघर्ष बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया। जनजातीय कार्य विभाग ने ग्वालियर को 2-1 से हराया। इंदौर ने शहडोल को 2-0, भोपाल ने सागर को 2-1, जबलपुर ने उज्जैन को 2-0, जनजातीय कार्य विभाग ने रीवा को 2-0 तथा इंदौर ने नर्मदापुरम को 2-0 से पराजित किया। रात्रि के अंतिम मुकाबले में ग्वालियर ने भोपाल को 2-1 से हराया। गुरुवार सुबह बालक वर्ग में उज्जैन ने शहडोल को 2-1, जनजातीय कार्य विभाग ने सागर को 2-1, जबलपुर ने नर्मदापुरम को 2-1 तथा रीवा ने ग्वालियर को 2-0 से पराजित किया। मलखंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार कौशल प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित मलखंभ स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका वर्ग टीम चैंपियनशिप में उज्जैन संभाग ने 25.00 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इंदौर संभाग द्वितीय तथा सागर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। अंडर-14 बालिका व्यक्तिगत वर्ग में उज्जैन संभाग की तमन्ना यादव ने 8.40 अंक के साथ प्रथम, वीरा राठौर ने 8.35 अंक के साथ द्वितीय तथा भव्य मालवीय ने 8.25 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल नेशनल मलखंभ चैंपियनशिप के लिए तमन्ना यादव, वीरा राठौर, भव्य मालवीय (उज्जैन संभाग) तथा सुहानी खामरोला (इंदौर संभाग) का चयन किया गया है। अंडर-14 बालक वर्ग टीम चैंपियनशिप में उज्जैन संभाग ने 23.70 अंक के साथ प्रथम, सागर संभाग ने द्वितीय तथा भोपाल संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत वर्ग में उज्जैन संभाग के हनी बीकुंदिया ने 8.15 अंक के साथ प्रथम, मनन आरौणिया ने 7.85 अंक के साथ द्वितीय तथा मोक्ष मोथा ने 7.70 अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अंडर-17 वर्ग में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन अंडर-17 बालिका वर्ग टीम चैंपियनशिप में उज्जैन संभाग 24.70 अंक के साथ प्रथम, सागर संभाग द्वितीय तथा इंदौर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। व्यक्तिगत स्पर्धा में उज्जैन संभाग की माही राठौर ने 8.45 अंक के साथ प्रथम, दिव्यांशी डोंगरे ने 8.15 अंक के साथ द्वितीय तथा इशिका सोलंकी ने 8.10 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए माही राठौर, दिव्यांशी डोंगरे, इशिका सोलंकी और राधिका जैन का चयन हुआ है। अंडर-17 बालक वर्ग टीम चैंपियनशिप में भोपाल संभाग ने 24.35 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उज्जैन संभाग द्वितीय तथा नर्मदापुरम संभाग तृतीय रहा। व्यक्तिगत स्पर्धा में भोपाल संभाग के युवराज राव गाडगे ने 8.25 अंक के साथ प्रथम, अर्णव शर्मा ने 8.10 अंक के साथ द्वितीय तथा उज्जैन संभाग के रत्नेश माविया ने 8.05 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए युवराज राव गाडगे, अर्णव शर्मा, मयंक सेन (भोपाल संभाग) तथा रत्नेश माविया (उज्जैन संभाग) का चयन किया गया है। व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा प्रतियोगिता के दौरान विधायक श्री मुकेश टंडन मैदान पर खिलाड़ियों के बीच मौजूद रहे और उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही भोजनशाला पहुंचकर खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस अवसर पर समाजसेवी श्री बलवीर रघुवंशी, राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता श्री बलवीर सिंह तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र अहिरवार, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री प्रशांत रघुवंशी, नेशनल रेफरी श्री जमील कुरैशी, श्री अंबेश सोनी, श्री पंकज भार्गव, श्री रविकांत नामदेव, श्री शिशांक शर्मा, श्री निशांक जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


