उज्जैन, 06 अक्टूबर। मध्यप्रदेश का मल्लखंब दल अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। आगामी 12 अक्टूबर 2026 को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी प्रदर्शन खेल-2026 में मध्यप्रदेश के मल्लखंब दल का चयन किया गया है।आयोजन की तैयारियों को लेकर उज्जैन के लोकमान्य तिलक स्कूल में 1 से 5 अक्टूबर तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के 20 चयनित खिलाड़ियों को द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय एवं प्रशिक्षक श्वेता चौहान ने मल्लखंब की विभिन्न तकनीकों और कौशल का प्रशिक्षण दिया। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, शक्ति, संतुलन, लचीलापन और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष अभ्यास भी कराया गया।खेल और युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर ने 4 अक्टूबर को उज्जैन प्रवास के दौरान प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए।मध्यप्रदेश मल्लखंब दल के अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए चयनित होने पर विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, लोकमान्य तिलक सांस्कृतिक न्यास तथा स्थानीय खेल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। मल्लखंब दल के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन से प्रदेश की पारंपरिक खेल प्रतिभा को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
पंचायत और ग्रामीण विकास



