70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता 2026 (बालक अंडर-14) का शुभारंभ मंगलवार को उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान, मंदसौर में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुधीर गुप्ता उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया, देवीलाल धाकड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मदनलाल राठौर, शांतिलाल मालवीय, हिम्मत दांगी, बंसीलाल राठौर, पार्षद सुनीता भावसार, सांसद प्रतिनिधि गौरव अग्रवाल, संयुक्त संचालक राम सिंह बनिहार, लोक शिक्षण भोपाल के ऑब्जर्वर देवेंद्र बाथम एवं जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे।

अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने भी अतिथियों का स्वागत किया।

छात्राओं ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति

कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय, मंदसौर की छात्राओं ने लोकप्रिय गीत ‘चक दे इंडिया’ पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों में उत्साह का संचार किया।

प्रतियोगिता की समितियों के गठन एवं आयोजन की रूपरेखा उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक के.सी. सोलंकी द्वारा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य अशोक कुमार रत्नावत ने किया।

खिलाड़ियों को दिलाई खेल भावना की शपथ

राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी राम पाटीदार ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।

मेजर ध्यानचंद के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने अपने उद्बोधन में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अनेक चुनौतियों के बावजूद अपनी लगन, मेहनत, निष्ठा और देशप्रेम के बल पर हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। खिलाड़ियों को भी मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलना चाहिए।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ा रही सरकार: सांसद

सांसद सुधीर गुप्ता ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रभावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। खेलो इंडिया सहित विभिन्न योजनाओं और आधुनिक खेल सुविधाओं के माध्यम से देश की खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।

इसके पश्चात सांसद सुधीर गुप्ता ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।

लीग मुकाबलों में उज्जैन और जबलपुर संभाग विजयी

प्रतियोगिता के अंतर्गत टर्फ मैदान, एमआईटी चौराहा पर खेले गए लीग मुकाबलों में उज्जैन संभाग ने रीवा संभाग को 13-0 से पराजित किया। वहीं जबलपुर संभाग ने इंदौर संभाग को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की।

कार्यक्रम के दौरान सेंट थॉमस स्कूल, मंदसौर के तत्वावधान में खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।