जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उपरांत छूटे हुये एवं प्रथम बार/युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान अंतर्गत जिले में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को समस्त मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा विशेष कैम्प आयोजित किये गये है। इस तीन दिवसीय कैंप के माध्यम से बीएलओ, मतदाताओं के फार्म-6 प्राप्त करेंगे तथा कैंप में आने वाले मतदाताओं को फार्म-6 भरने में सहायता भी करेंगे। इस अभियान के तहत मतदाताओं में जन-जागरूकता लायी जा रही है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता रखते हैं, तो नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 में आवेदन जरूर करें। फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जायेगा। इस संबंध में सभी बूथ लेवल अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विशेष रूप से युवाओं एवं ऐसे पात्र नागरिकों से अपील है कि, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन की सुविधा भी प्रदान की गई है। कोई भी मतदाता voters.eci.gov.in पर अथवा vFkok ECINET mobile app पर जाकर अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। जिले में अभियान के तहत 7 अक्टूबर को मतदान केंद्रों में आयोजित कैंप में, छूटे हुए एवं प्रथम बार/युवा मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त किये गये।