त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश लोधी ने विकासखंड रामपुर नैकिन में पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए।

निरीक्षण के दौरान चुरहट जनता होटल से पेड़ा एवं मावा बर्फी, परिहार होटल से पेड़ा एवं मावा बर्फी, बसंत होटल से मावा बर्फी एवं मगज लड्डू, श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार से मगज लड्डू एवं चॉकलेट बर्फी तथा यादव होटल से मीठा पेड़ा एवं मगज लड्डू के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव के निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, उचित रखरखाव, साफ-सफाई तथा पैकिंग एवं लेबलिंग के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित एवं स्वच्छ परिस्थितियों में रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत भी दी गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जांच में खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं शुद्धता के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।