कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला गुना के मार्गदर्शन में दिनांक 17 नवम्बर 2026 को जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में COPD (Chronic Obstructive Pulmonary Disease ) अर्थात क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज से बचाव एवं इसके प्रति जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
COPD फेफड़ों से संबंधित एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें सांस लेने में परेशानी होती है। इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में लंबे समय तक खांसी रहना, लगातार बलगम आना, सांस फूलना, सीने में जकड़न, सांस लेते समय घरघराहट होना तथा शारीरिक गतिविधियों के दौरान जल्दी थकान महसूस होना शामिल हैं। इस बीमारी का प्रमुख कारण धूम्रपान, बीड़ी-सिगरेट एवं तंबाकू का सेवन, घरेलू चूल्हे का धुआं, वायु प्रदूषण तथा कार्यस्थल पर धूल एवं रासायनिक धुएं के संपर्क में रहना है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य संस्थाओं में आमजन को COPD के लक्षणों, कारणों, बचाव एवं उपचार के संबंध में जागरूक किया जाएगा। लंबे समय से खांसी, बलगम एवं सांस फूलने की समस्या से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यकतानुसार फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच ( Spirometry ) के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के जिला CPHC सलाहकार सत्येंद्र शर्मा द्वारा आमजन से अपील की गई है कि धूम्रपान एवं तंबाकू का सेवन पूर्णतः बंद करें, घरों में धुएं से बचाव हेतु उचित वेंटिलेशन एवं स्वच्छ ईंधन का उपयोग करें तथा सांस संबंधी परेशानी होने पर स्वयं उपचार करने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। COPD की समय पर पहचान, नियमित उपचार एवं इनहेलर के सही उपयोग से बीमारी की गंभीरता एवं जटिलताओं को कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील है कि सांस फूलने एवं लगातार खांसी को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। समय पर जांच कराएं और स्वस्थ फेफड़ों के साथ स्वस्थ जीवन अपनाएं।


