चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना ( एनएसएस ) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. तिमोथियस एक्का ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनजातीय समाज के उत्थान और सामाजिक जागरूकता में भगवान बिरसा मुंडा की भूमिका को विस्तार से बताया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पोस्टरों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, आदर्शों, जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. जितेंद्र आर्य ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के योगदान, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका तथा जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना था। साथ ही विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक समरसता एवं जनजातीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम के अधिकारी श्री हर्षद सिंह कुलेश, डॉ. दिव्या शर्मा, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



