मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं तथा निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों में पात्र मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम शामिल करने की कार्यवाही की जाएगी।

ऐसे पात्र जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और वह नागरिक अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वाना चाहते हैं, वे अपने मतदान केंद्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) से फार्म-6 प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कर सकते हैं। इसके अलावा पात्र मतदाता घर बैठे ऑनलाइन भी मतदाता पंजीयन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET App का उपयोग किया जा सकता है।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरसिंपुर ने सभी 18-19 आयु वर्ग के युवाओं एवं अन्य सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैम्प का लाभ उठाते हुए अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।