कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना - वाटरशेड विकास घटक परियोजना क्रमांक 04, जनपद पंचायत जैसीनगर, जिला सागर के अंतर्गत वाटरशेड समिति तालचिरी एवं बड़ौदा सागर परियोजना क्षेत्र में बने फ्रूट फॉरेस्ट का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना अंतर्गत कराए जा रहे फ्रूट फॉरेस्ट्री, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश कुमार गोमे, जिला परियोजना अधिकारी, उद्यान विभाग के उप संचालक, सहायक यंत्री जनपद पंचायत जैसीनगर, तहसीलदार, संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, डब्ल्यूडीटी सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि फ्रूट फॉरेस्ट में लगाए गए पौधों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए। पौधों को आवारा पशुओं एवं जानवरों से बचाने के लिए फेंसिंग एवं अन्य व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि एक भी पौधा नष्ट न हो। पौधों को खाद-पानी नियमित रूप से दिया जाए और समय-समय पर उनकी देखरेख एवं निगरानी की जाए, ताकि पौधे स्वस्थ रहें, उनकी ग्रोथ अच्छी हो और फ्रूट फॉरेस्ट शीघ्र विकसित हो सके।