कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा अनुमोदित आदेशानुसार जिले में लंबित पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए जिला पेंशन कार्यालय सागर में दो दिवसीय कैंप का आयोजन किया जा रहा है। प्राधिकृत पेंशन अधिकारी, सागर द्वारा समस्त संवितरण एवं आहरण अधिकारियों को जारी पत्र में बताया गया है कि कमिश्नर सागर संभाग सागर के आदेश के परिपालन में लंबित पेंशन प्रकरणों एवं वेतन निर्धारण को IFMIS सिस्टम में ऑनलाइन सबमिट करने हेतु दिनांक 04.11.2026 एवं 05.11.2026 को जिला पेंशन कार्यालय सागर में कैंप आयोजित किया जा रहा है। समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि उनके कार्यालय में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु पेंशन कार्य से संबंधित कर्मचारी / अधिकारी को कैंप में उपस्थित होकर प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। साथ ही यदि कोई पेंशन प्रकरण किसी विशेष कारण से लंबित है, तो उसकी सूची कारण सहित तैयार कर संभागीय पेंशन कार्यालय सागर को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।


