विजयदशमी के पावन पर्व पर निवाड़ी पुलिस विभाग द्वारा विधि-विधान से किया गया शस्त्र एवं पुलिस वाहनों का पूजन
निवाड़ी। भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के प्रतीक विजयदशमी पर्व के अवसर पर निवाड़ी में पुलिस विभाग द्वारा पारंपरिक आस्था, उत्साह और अनुशासन के साथ शस्त्र एवं पुलिस वाहनों का पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना ने मुख्य रूप से उपस्थित रहकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
कार्यक्रम में पृथ्वीपुर विधायक श्री नितेंद्र सिंह राठौर, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गरिमामयी सहभागिता निभाते हुए शस्त्रों और सुरक्षा साधनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य की विजय, साहस, शक्ति और जनसेवा के प्रति निष्ठा का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग में शस्त्रों के साथ-साथ पुलिस वाहनों का भी विधि-विधान से पूजन किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, त्वरित पुलिस सहायता पहुँचाने, नागरिकों की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस वाहनों को तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन पुलिस बल की परंपरा, अनुशासन और आमजन की सुरक्षा के दायित्वों के प्रति उनके संकल्प को प्रदर्शित करता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं सीईओ जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सभी पुलिसकर्मियों को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे।
