मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देवास के कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में लगभग 9.44 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 400 मीटर लंबाई के 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस आधुनिक ट्रैक के शुरू होने से देवास जिले की खेल अधोसंरचना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। अब जिले के खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक से तैयार सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक देवास के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। यह ट्रैक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि देवास में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वो बहुत जल्द देवास को और भी सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ट्रैक का 17 नवंबर 2024 को भूमिपूजन किया गया था और 2 वर्षों बाद 17 नवंबर के दिन ही लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि देवास के खिलाड़ी भविष्य में एथलेटिक्स के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर देवास और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार ने इस अवसर को खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि 17 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इस एथलेटिक ट्रैक का भूमिपूजन किया गया था और लगभग दो वर्षों में यह आधुनिक ट्रैक बनकर तैयार हुआ है। आज बच्चों एवं खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा देवास को लगातार विकास कार्यों की सौगातें दी जा रही हैं। खिलाड़ियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का प्रस्ताव भी भेजा गया है। इसके साथ ही स्टेडियम में पवेलियन का निर्माण जल्द कराया जाएगा। क्रिकेट खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए भी स्थान चिन्हित कर उन्हें बेहतर प्रैक्टिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक श्रीमती पवार ने कहा कि मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की नगरी देवास की पहचान कला एवं खेल के क्षेत्र में भी है। यहां के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाल ही में जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अनेक पदक अर्जित किए हैं। खिलाड़ी जय मीणा ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देवास को गौरवान्वित किया है। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी एशियाई खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने देवास को यह महत्वपूर्ण सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव ने कहा कि आज युवा खिलाड़ियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। देवास में 400 मीटर लंबाई के 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की सुविधा मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रदेश सरकार द्वारा देवास में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और यह ट्रैक उनमें एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय एवं युवा खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं मिलेंगी तथा वे अपनी प्रतिभा को निखारकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
आधुनिक खेल सुविधाओं से सशक्त होगा देवास का खेल भविष्य
9.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक से देवास जिले में एथलेटिक्स सहित अन्य खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आधुनिक मंच मिलेगा। यह सुविधा जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। निश्चित ही यह ट्रैक देवास के खेल भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, श्री राजीव खंडेलवाल, श्री बहादुर मुकाती, श्री ओम जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, विश्वामित्र अवार्डी श्री सुदेश सांगते, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, जिला अधिकारीगण, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।