मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई जनसुनवाई में कलेक्टर भिण्ड श्री पवन जैन ने जिले के विभिन्न अंचलों से अपनी समस्याओं का आवेदन लेकर आये 140 आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण करने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर द्वारा भी आवेदकों की समस्याओं पर जनसुनवाई की गई।

जनसुनवाई में तहसील गोहद के ग्राम मदनपुरा निवासी आवेदक श्री लवकुश पुत्र प्रकाश सिंह को गम्भीर समस्या के इलाज हेतु मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना अंतर्गत सहायता दिलाये जाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसे जरूरतमंद लोग जिन्हें किसी अन्य योजना का लाभ नहीं मिलता है। उन्हें मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना अंतर्गत सहायता दिलाये जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री जैन ने विकासखण्ड अटेर के ग्राम अहरोली घाट निवासी दिव्यांग आवेदक श्री रवि बघेल के पास पहुंचकर समस्या सुनी, जिस पर आवेदक ने अक्टूबर माह का राशन दिलाए जाने हेतु आवेदन दिया। कलेक्टर ने तत्काल कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित कर राशन दिलाए जाने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री जैन ने गंभीर बीमारी से संबंधित इलाज, विद्युत बिलों में सुधार, हैण्डपंपों का संधारण, पेंशन, सड़क दुघर्टना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड एवं जमीन पर कब्जा से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके संबंध में आवेदक को भी कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।