राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन आज ग्राम उस्मानखेड़ी, ग्राम पंचायत कुम्हारिया पाल, विकासखंड मोहन बड़ोदिया में किया गया। कार्यक्रम शाजापुर विधायक श्री अरुण भीमावद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया के आतिथ्य में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी जी के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, समानता, आपसी भाईचारे तथा अस्पृश्यता उन्मूलन का संदेश दिया गया।
अंतर्जातीय विवाह करने वाले दंपत्तियों का सम्मान
अतिथियों द्वारा कार्यक्रम के दौरान अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विवाह करने वाले 02 दंपत्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्वीकृति आदेश प्रदाय किया जाकर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता एवं जातिगत भेदभाव को समाप्त करने में अंतर्जातीय विवाह की भूमिका पर भी चर्चा की गई।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को प्रोत्साहन
अस्पृश्यता उन्मूलन विषय पर आयोजित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में अस्पृश्यता उन्मूलन विषय पर शासकीय कन्या सीनियर छात्रावास मोहन बड़ोदिया की छात्राओं द्वारा नाटक के माध्यम से प्रस्तुति दी गई।
सद्भावना शिविर के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देते हुए पौधारोपण एवं साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया। अतिथियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणजनों द्वारा पौधारोपण किया गया तथा कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने सामाजिक भेदभाव एवं अस्पृश्यता जैसी कुरीतियों के उन्मूलन, सामाजिक सद्भाव, समानता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। शिविर के माध्यम से महात्मा गांधी के सामाजिक समरसता, स्वच्छता एवं मानवता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। सद्भावना शिविर उपरांत सामूहिक भोजन भी किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


