प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसान, युवा, महिलाएं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। शासकीय योजनाएं न केवल लोगों की जिंदगी बदल रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की राह को भी आसान बना रही हैं। जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे प्रत्येक पात्र हितग्राही को सरलता एवं सहजता से उपलब्ध हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शहडोल जिले के ब्यौहारी निवासी श्री प्रकाशचंद्र केशरवानी कभी रेस्टोरेंट में काम करते थे और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम योजना की जानकारी मिली। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ उद्योग विभाग से योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया।
मुख्यमंत्री उद्यम योजना के तहत श्री प्रकाशचंद्र केशरवानी को 10 लाख रुपये का लाभ मिला। इसके बाद उन्होंने रेस्टोरेंट का काम छोड़कर स्वयं का हार्डवेयर एवं बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय प्रारंभ किया। आज उनका व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है और वे अपने प्रतिष्ठान में 3 स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
श्री प्रकाशचंद्र केशरवानी बताते हैं कि मुख्यमंत्री उद्यम योजना के तहत उन्हें 10 लाख रुपये का लाभ मिला, जिसमें 3 प्रतिशत की छूट भी मिली है। वे हार्डवेयर एवं बिल्डिंग के व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 50 से 60 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। साथ ही अपने व्यवसाय के माध्यम से 3 स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
श्री प्रकाशचंद्र केशरवानी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की योजना से मिले सहयोग ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।


