प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना पथ विक्रेताओं और स्ट्रीट वेंडर्स को उनके व्यवसाय के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो रही है। योजना के माध्यम से ऋण सुविधा मिलने से कई छोटे व्यवसायियों को अपने काम को व्यवस्थित करने और आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। अमरकंटक की वंदना जायसवाल भी योजना से लाभान्वित होकर अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित कर रही हैं।

अमरकंटक के वार्ड क्रमांक 09 मेन मार्केट निवासी वंदना मनिहारी की दुकान संचालित करती हैं। दुकान पर नारियल, प्रसाद और मनिहारी सामग्री का विक्रय होता है। पर्याप्त पूंजी नहीं होने के कारण दुकान की जरूरतों को पूरा करने और मरम्मत कराने में उन्हें परेशानी होती थी।

नगर परिषद अमरकंटक से योजना की जानकारी मिलने के बाद वंदना ने पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लिया। भारतीय स्टेट बैंक, अमरकंटक शाखा से उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। उन्होंने इस राशि का उपयोग दुकान की आवश्यकताओं और व्यवसाय के लिए किया।

वंदना बताती हैं कि ऋण मिलने के बाद दुकान के लिए जरूरी सामान जुटाना आसान हुआ। व्यवसाय को नियमित रूप से चलाने में सुविधा मिली और आमदनी में भी वृद्धि हुई। इससे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में उन्हें पहले की अपेक्षा सहूलियत मिली।

पीएम स्वनिधि योजना से जुड़ने के बाद वंदना के परिवार की स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत प्रोफाइलिंग भी की गई, जिससे परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिला। वंदना जायसवाल योजना से मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि पीएम स्वनिधि से मिली 50 हजार रुपये की पूंजी ने उनके व्यवसाय को संभालने में मदद की। इससे दुकान का काम व्यवस्थित हुआ और परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सहारा मिला।