बैतूल कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में बिजली बिल, निर्माण कार्य, भूमि, रास्ते और स्कूल भवन से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कुछ प्रकरणों का मौके पर निराकरण कराया, जबकि शेष मामलों के लिए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई करने को कहा।

आठनेर के संजय बसंत जैन ने स्मार्ट मीटर से गलत बिलिंग और अधिक राशि का बिल मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने एमपीईबी अधिकारी को संबंधित मीटर रीडिंग कर्मचारी पर कार्रवाई करने और संशोधित बिल जारी कराने के निर्देश दिए।

खास बातें

  • स्मार्ट मीटर का संशोधित बिजली बिल जारी करने के निर्देश
  • धामोरी और चोपना के निर्माण कार्यों की जांच होगी
  • रास्ते, भूमि, सड़क और स्कूल भवन से जुड़े आवेदन सुने गए

निर्माण कार्यों की जांच के लिए बनेगी टीम

आठनेर तहसील की ग्राम पंचायत धामोरी के ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण कार्य की जांच के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ को टीम भेजकर तय समय में जांच कराने के निर्देश दिए।

ग्राम चोपना में घाट निर्माण की शिकायत पर भी जिले से टीम बनाकर जांच कराने को कहा गया। ग्राम पंचायत खडकवार से पारबिरोली तक सड़क और पुल निर्माण के आवेदन पर जनपद सीईओ मुलताई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश मिले।

रास्ते, जमीन और स्कूल भवन के मामले भी पहुंचे

चिचोली तहसील के कूटकूही निवासी सोनू यादव ने आवागमन के रास्ते पर निर्माण की शिकायत की। इस मामले में बैतूल एसडीएम और चिचोली तहसीलदार को जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। मुलताई के ताप्ती वार्ड निवासी अरविंद पवार के भूमि नक्शे में सुधार संबंधी आवेदन पर भी संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के लिए कहा गया।

आमला तहसील के ग्राम कनौजिया निवासी संतोषी ने जमीन की रजिस्ट्री और शेष भूमि पर कब्जे से जुड़ी शिकायत रखी, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत सिल्लौर के झिरनाढाना में प्राथमिक शाला और अतिरिक्त कक्ष के जर्जर भवन की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी को निराकरण करने को कहा गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं।