भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा अनूपपुर द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन तथा राज्य शाखा भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में रेडक्रॉस की टीम ने वृद्धजनों का एनसीडी, रक्तचाप, ब्लड शुगर एवं नेत्र परीक्षण किया। आवश्यकता के अनुसार ग्लूकोज, इलेक्ट्रॉल एवं फलों का वितरण भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस के जिला प्रतिनिधि कमलाकर गौतम, बरबसपुर की सीएचओ अस्मिता पटेल एवं अनुसुइया मरावी सहित सक्रिय कार्यकर्ता अशोक शर्मा, सत्येन्द्र पाटकर, राकेश गौतम, अनिल तिवारी एवं श्री द्विवेदी उपस्थित रहे। रेडक्रॉस के सचिव डॉ. देवेंद्र तिवारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक मानवीय सेवा एवं सहयोग पहुंचाना है। वृद्धाश्रम में आयोजित यह कार्यक्रम इसी भावना के अनुरूप सेवा, संवेदना और सम्मान का संदेश देने वाला रहा।