किसानों के कल्याण, कृषि विकास और खेती को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जिले में 01 नवंबर 2026 को बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन कृषि उपज मंडी गोंगलई, बालाघाट में किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से किसानों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कृषि की नवीनतम तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत कृषि प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा खेती में तकनीक के उपयोग से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और कृषि कार्यों को अधिक लाभकारी बनाने के उपायों से परिचित कराया जाएगा।मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से जोड़ना और कृषि विकास को नई गति देना है। महोत्सव में किसानों को सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण, सौर ऊर्जा से सिंचाई, किसान कल्याण योजनाओं तथा कृषि आधारित उद्योगों से संबंधित जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले के किसानों से अपील की गई है कि वे 01 नवंबर को कृषि उपज मंडी गोंगलई में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होकर कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा शासन की योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।