स्वामित्व योजना के अंतर्गत निर्मित अधिकार अभिलेखों के पंजीयन (रजिस्ट्री) के लिए मुरैना जिले के भूखंड एवं अधिकार अभिलेख धारक अब एमपी ई-सेवा ऐप के माध्यम से स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस सुविधा से हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने मोबाइल से ही आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन करने के लिए सर्वप्रथम मोबाइल में एमपी ई-सेवा ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप खोलने के बाद समग्र आईडी के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर लॉगिन करना होगा। इसके बाद “स्वामित्व दस्तावेज आवेदन” विकल्प का चयन करने पर संबंधित भूखंडों की सूची प्रदर्शित होगी। आवेदक को जिस भूखंड के लिए आवेदन करना है, उसका चयन कर आगे की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
आवेदन प्रक्रिया के अगले चरण में आधार ई-केवाईसी के माध्यम से पहचान सत्यापन करना होगा। इसके पश्चात वीडियो रिकॉर्डिंग का विकल्प सक्रिय हो जाएगा। इस विकल्प के माध्यम से सभी संबंधित भूमिस्वामियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी तथा उनकी सहमति “हाँ” अथवा “नहीं” बोलकर दर्ज की जाएगी।
वीडियो रिकॉर्डिंग पूर्ण होने के बाद आवेदक गवाह जोड़ने के विकल्प का चयन कर सकते हैं। यदि तत्काल गवाह जोड़ना चाहते हैं, तो “हाँ” विकल्प चुनें। अन्यथा “नहीं” विकल्प का चयन करने पर पटवारी द्वारा सत्यापन की कार्यवाही के दौरान गवाह जोड़े जा सकेंगे।
इसके बाद “सेव करें तथा आगे बढ़ें” विकल्प पर क्लिक कर अगले चरण में भूखंड की चतुरसीमा सहित आवश्यक विवरण एवं अन्य जानकारी दर्ज करनी होगी। सभी विवरण भरने के बाद आवेदन पत्र का अवलोकन कर “सबमिट” विकल्प पर क्लिक करने से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी।
आवेदन के लिए समग्र आईडी अथवा आधार से लिंक मोबाइल नंबर सक्रिय होना चाहिए, ताकि ओटीपी प्राप्त किया जा सके। सभी भूमिस्वामियों एवं गवाहों की समग्र ई-केवाईसी पूर्ण होना आवश्यक है। साथ ही, संबंधित भूखंड का स्वामित्व योजना के अंतर्गत चिन्हित होना भी अनिवार्य है।
मुरैना जिले के संबंधित हितग्राहियों से अपील है कि वे निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक शर्तों की पूर्ति सुनिश्चित करते हुए एमपी ई-सेवा ऐप के माध्यम से स्वयं आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठाएं।


